लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण शीघ्र ही राजधानी की दो महत्वाकांक्षी आवासीय योजनाओं आईटी सिटी व वेलनेस सिटी में जमीन की खरीद बिक्री पर जल्द रोक लगेगी। भूमि अर्जन अधिनियम-2013 की धारा-11 एक सप्ताह में लागू हो सकती है, उसके बाद बिना कलेक्टर की अनुमति के किसी जमीन की खरीद-बिक्री नहीं हो सकेगी।
- दो आवासीय योजनाओं को शासन स्तर से मिला अनुमोदन, भाषा व विधि विभाग जल्द ही जारी करेगा नोटिफिकेशन
- भूमि अर्जन अधिनियम-2013 की धारा-11 जल्द होगी लागू, बिना कलेक्टर की अनुमति के नहीं हो सकेगी किसी जमीन की खरीद-बिक्री
- 3490 एकड़ में लखनऊ विकास प्राधिकरण की वेलनेस सिटी आवासीय योजना प्रस्तावित
- 1200 एकड़ में एकड़ में सुलतानपुर रोड पर एलडीए की आइटी सिटी आवासीय योजना प्रस्तावित
इसके लिए शासन ने सहमति दे दी है। इसकी अधिसूचना जारी करने के लिए भाषा व विधि विभाग को फाइल भेजी है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की सुलतानपुर रोड पर 3,490 एकड़ में आइटी सिटी और 1200 एकड़ में वेलनेस सिटी आवासीय योजना प्रस्तावित है। दोनों योजनाओं में किसानों से लैंड पूलिंग और अधिग्रहण करके जमीन जुटाई जा रही है।
इस पर अंकुश लगाने को एलडीए ने दोनों योजनाओं में कई शिकायतों का संज्ञान लेकर शासन को भूमि अर्जन अधिनियम-2013 की धारा-11 लागू करने का प्रस्ताव भेजा था। शासन ने इसकी स्वीकृति दे दी है। उम्मीद है कि एक सप्ताह में यह लागू हो जाएगा।इस प्रविधान में जमीन संबंधित सभी कार्य कलेक्टर द्वारा किए जाएंगे। अगर जमीन की खरीद-बिक्री करना चाहते हैं तो कलेक्टर से अनुमति लेनी होगी। वहीं, नियम लागू होने के बाद अगर कोई चोरी-छिपे जमीन बेचता है तो वह मान्य नहीं होगी। खरीदार भू-उपयोग नहीं कर पाएंगे। रजिस्ट्री निरस्त कर दी जाएगी। भूमि स्वामी को किसी तरह का प्रतिकर नहीं मिलेगा, बल्कि आदेशों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।
एलडीए धारा-11 की प्रक्रिया के लिए जमीन के गाटे, खसरा, खतौनी आदि अभिलेख जिलाधिकारी कार्यालय व संबंधित तहसील कार्यालय को दे देगा। आइटी सिटी के भूमि अर्जन अधिकारी सुशील प्रताप सिंह ने बताया, दो माह पहले शासन को प्रस्ताव भेजा था। इस पर सहमति बन गई है। इसी सप्ताह आदेश जारी हो सकता है।
आइटी व वेलनेस के इन गांवों पर लगेगी धारा-11
मोहनलालगंज तहसील तहत आइटी सिटी के लिए ग्राम बक्कास, सोनई कंजेहरा, सिकंदरपुर अमोलिया, सिद्धपुर, परेहटा, पहाड़ नगर टिकरिया, रकीबाबाद, मोहारी खुर्द, खुजौली, भटवारा व वेलनेस सिटी अंतर्गत ग्राम बक्कास, मलूकपुर ढकवा, चौरहिया, चौरासी, दुलारमऊ, नूरपुर बेहटा व मस्तेमऊ ग्राम में अर्जित भूमि पर धारा-11 लागू की जाएगी।
आईटी सिटी और वेलनेस सिटी
लखनऊ में सुल्तानपुर रोड पर लखनऊ विकास प्राधिकरण आईटी सिटी और वेलनेस सिटी का विकास करेगा। यह मेगा प्रोजेक्ट अत्याधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाओं को एक साथ जोड़कर भविष्य के टिकाऊ और स्मार्ट शहरी जीवन को बढ़ावा देने के लिए डिजाइन किया गया है। इन दोनों योजनाओं को रफ्तार देने के लिए शासन ने करोड़ों रुपये का बजट जारी किया है।
वेलनेस सिटी
Wellness City भारत की प्रमुख स्वास्थ्य-केंद्रित टाउनशिप में से एक है, जो पूरी तरह से इको-फ्रेंडली और मेडिकल टूरिज्म पर केंद्रित है। इसका क्षेत्रफल लगभग 1,474 एकड़ (जिसमें अतिरिक्त 127 एकड़ का विस्तार शामिल है)। इसमें सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, मेडिकल कॉलेज और वेलनेस रिसॉर्ट्स का विकास होगा। इसके साथ अमीनाबाद की प्रसिद्ध थोक मेडिसिन मार्केट को भी यहां स्थानांतरित करने की योजना है। यहां पर आवासीय सुविधाओं के रुप में लगभग 3,000 से अधिक आवासीय भूखंड और ग्रुप हाउसिंग प्रोजेक्ट्स रहेंगे। भूमि अधिग्रहण के तहत भूमि पूलिंग के माध्यम से किसानों के साथ अनुबंध किया जा रहा है।
आईटी सिटी
IT City लखनऊ में प्रौद्योगिकी, नवाचार और रोजगार के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए यह एक विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसको लगभग 1,190 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में विसकित किया जाएगा। जिसमें 539 एकड़ का अतिरिक्त विस्तार हुआ है। इमसें अत्याधुनिक आईटी और आईटीईएस पार्क, एचसीएल जैसी बड़ी कंपनियों की इकाइयां और कमर्शियल हब होंगे। इसकी स्थापना का उद्देश्य उत्तर प्रदेश को वैश्विक टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के नक्शे पर एक मजबूत पहचान दिलाना।


